जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान मे बीते 48 घंटों से एक बार फिर से तापमान बढ़ने के साथ लोगों को भीषण गर्मी और उमस ने सताना शुरू कर दिया है। बीते दो दिनों में जहां दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। वहीं रात के तापमान में भी करीब 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। इसके साथ ही अधिकतर जिलों में दिन का तापमान फिर से 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है। वहीं, रात का तापमान भी 27 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस का सितम जारी है। बीती रात अधिकतर जिलों में रात का तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई हैं।

अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 43 डिग्री के पार किया गया दर्ज।
लगातार रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने के साथ लोगों को गर्मी और उमस सताना लगी है। बीती रात अधिकतर जिलों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, 33.4 डिग्री के साथ फलोदी में सबसे गर्म रात दर्ज की गई। इसके साथ ही बीती रात 7 जिलों में रात का तापमान 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बीती रात राजधानी जयपुर में भी रात का तापमान 30.8 डिग्री दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के जिलों में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किए जाने की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है। अगले 3 दिनों तक हीट वेव लोगों को जमकर झुलसाती हुई नजर आएगी। वहीं पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के जिलों में 20 मई को हीटवेव की परिस्थिति रहेगी। दो दिनों तक भीषण गर्मी और उमस के बाद 21 मई से लोगों को गर्मी से राहत मिलती हुई नजर आ सकती है। 21 मई से प्रदेश में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी भागों में मेघ गर्जन के साथ आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की गई है।