श्रीगंगानगर- राकेश मितवा।
बीकानेर संभाग के संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने कलेक्ट्रेट सभाहॉल में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों की समीक्षात्मक बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय प्रगति, बजट घोषणा, फ्लैगशिप योजनाओं तथा नवाचारों सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी राज्य सरकार की जन कल्याण की भावना के अनुरूप काम करते हुए आमजन को अधिक से अधिक राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि घी-तेल में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
भामाशाहों के सहयोग से जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को डिक्शनरी उपलब्ध करवाने के निर्देश देते हुए सम्भागीय आयुक्त ने नवाचार लर्न गंगानगर के लिए जिला कलक्टर की प्रशंसा की। इंदिरा रसोई, इंदिरा गान्धी शहरी क्रेडिट कार्ड और घर-घर औषधि योजना की समीक्षा करते हुए सम्भागीय आयुक्त ने मंशा अभियान के तहत प्रत्येक गांव में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरतंर प्रयास करने के  निर्देश दिए। पुलिस को नशा और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए सम्भागीय आयुक्त ने कहा कि मंशा अभियान में सहयोग करने वाले सरपंचों को ग्रामीण विकास की योजनाओं में इंसेटिव दिया जाए। बैठक में जिला परिषद सीईओ मुहम्मद जुनैद द्वारा मॉडल आंगनबाड़ी और उड़ान डे केयर सेंटर की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी गई। इसके पश्चात संभागीय आयुक्त ने बस स्टैंड स्थित इंदिरा रसोई, मातृशक्ति कक्ष और सुखाड़िया सर्किल पार्क में सेल्फी प्वाइंट लव गंगानगर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नगर आयुक्त को अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।बैठक में जिला कलक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार सिहाग, एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा, एडीएम सतर्कता श्रीमती कमला अलारिया, एसपी  आनंद शर्मा, यूआईटी सचिव  मुकेश बारेठ, सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा, पीएमओ डॉ. बलदेव चौहान,  पीसी मिड्ढा, डॉ. जीआर मटोरिया,  विश्वास गोदारा,  वीआई परिहार,  सुरेंद्र पूनिया,  ऋषभ जैन,  हंसराज यादव,  गिरिराज प्रसाद मीणा, पवन यादव, सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।