जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के जलदाय मंत्री महेश जोशी के पुत्र रोहित जोशी पर एक युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोप के बाद दिल्ली की सदर बाजार थाना पुलिस राजस्थान मे रेप केस मामले में जयपुर में डेरे डाले हुए है। राजधानी जयपुर में दिल्ली पुलिस ने घटना से जुड़ी होटलों में भी जांच पड़ताल की। दरअसल दिल्ली के सदर बाजार थाने में रोहित जोशी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करवाया था। रोहित जोशी को गिरफ्तार करने के लिए रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम जयपुर पहुंची थी। सोमवार को दिल्ली पुलिस की टीम सवाई मानसिंह अस्पताल भी पहुंची थी। रोहित जोशी की मां सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। रोहित की तलाश में दिल्ली पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची थी। रोहित के खिलाफ दर्ज रेप केस की जांच दिल्ली की सदर थाना पुलिस कर रही है।दिल्ली पुलिस की टीम रविवार सुबह महेश जोशी के निजी आवास पर पहुंची थी। जहां उन्हें रोहित जोशी नहीं मिला। इसके बाद जब पुलिस जोशी के सिविल लाइन स्थित सरकारी बंगले पर गई तो वहां भी उन्हें रोहित नहीं मिला। मंत्री के आवास पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया था। जिसमें उसे 18 मई को पूछताछ के लिए तलब किए जाने की बात लिखी है। नोटिस के मुताबिक बलात्कार और ब्लैकमेलिंग के आरोपी रोहित को 18 मई को दोपहर 1 बजे दिल्ली पूछताछ के लिए पेश होना है। बताया जा रहा है कि रोहित अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर अंडरग्राउंड हो गया। जिसकी तलाश में दिल्ली पुलिस की टीम जयपुर में डेरा डाले बैठी है।
यह है पूरा मामला।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ गत 8 मई को जयपुर की 24 वर्षीय युवती ने दिल्ली के सदर बाजार थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने पहले जीरो नंबर एफआईआर की। उसके बाद मामले को जांच के लिए राजस्थान के सवाई माधोपुर महिला थाने भिजवा दिया। इस पर पीड़िता ने राजस्थान पुलिस पर कई तरह के आरोप लगाए। साथ ही निष्पक्ष जांच नहीं किए जाने का भी अंदेशा जताया। जिसके बाद महिला की बातों को मद्देनजर रखते हुए मामले को दिल्ली के सदर थाना में ही दर्ज करवाया गया। वहीं पीड़िता की शिकायत पर रोहित के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 328, 312, 366, 377, 506 और 509 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।