कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में एसीबी की ओर से ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोटा में एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर झालावाड़ एसीबी टीम ने रामगंजमंडी में ट्रैप की कार्रवाई की। यहां बीजेपी नेता और खैराबाद पंचायत समिति के सदस्य नयन कुमार और उसके साथी दलाल पत्रकार आनंद कुमार प्रजापति को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
शराब की दुकान को निर्बाध रूप से चलने देने के लिए मांगी थी मंथली बंधी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी की ओर से शिकायत दी गई कि उसकी लाईसेंसी कम्पोजिट शराब की दुकान को निर्बाध रूप से चलने देने के लिए उससे रिश्वत ली जा रही थी। शराब की दुकान में आने वाले लोगों के फोटो विडियो नहीं बनाने की एवज में बीजेपी नेता नयन कुमार और दलाल आनन्द कुमार प्रजापति 10 हजार रुपये रिश्वत राशि की मांग कर रहे थे। इस पर कोटा के पुलिस अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव के सुपरविजन में मामला का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन सही पाए जाने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भवानीशंकर मीणा के नेतृत्व में ट्रेप की कार्रवाई की गई। साथ ही आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

0 टिप्पणियाँ