उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
स्वतंत्रता के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति उदयपुर द्वारा संचालित प्रताप गौरव केन्द्र "राष्ट्रीय तीर्थ" की ओर से स्वराज-75 के अन्तर्गत हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में 19 मई से 2 जून 2022 तक "स्वराज गौरव यात्रा" उदयपुर एवं राजसमंद क्षेत्र में निकाली जा रही है। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर बी.एल. चौधरी ने बताया कि स्वराज गौरव यात्रा 19 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के राज तिलक स्थल गोगुंदा से प्रारंभ होकर 2 जून को सायं 6 बजे प्रताप गौरव केन्द्र में होने वाले महाराणा प्रताप जयंती समारोह के साथ सम्पन्न होगी। स्वराज गौरव यात्रा उदयपुर एवं राजसमंद के करीब 2 हजार से अधिक गांवों, कस्बों एवं क्षेत्रों से गुजरेगी।प्रत्येक तहसील-खंड-नगर स्तर पर एक सहायक रथ का निर्माण भी किया गया है, जो खंड के समस्त ग्रामों,ग्राम पंचायतों एवं मंडल केन्द्र पर होते हुए अपनी यात्रा पूर्ण करेगा। ऐसे कुल 42 रथ का निर्माण किया गया है।प्रत्येक खंड स्तर पर प्रताप गौरव केन्द्र का मुख्य रथ भी शामिल हो जाएगा।समस्त क्षेत्रों में प्रत्येक खंड पर एक बडे कार्यक्रम व धर्म सभा जैसे कार्यक्रमों की भी रचना की गई है।
प्रताप गौरव केंद्र "राष्ट्रीय तीर्थ" के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया 15 दिवसीय इस स्वराज गौरव यात्रा को लेकर प्रत्येक खंड स्तर पर समितियों का गठन कर संयोजक, सह संयोजक, यात्रा प्रमुख, दिन प्रमुख व कार्यक्रम प्रमुख तय किए गए है, जो स्वराज गौरव यात्रा की तैयारी में लगे हुए है। स्वराज गौरव यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्वागत के कार्यक्रम एवं सभा- कार्यक्रम भी होगे। जहां मुख्य रथ रात्रि को रूकेगा, वहां पर रात्रि कार्यक्रम होगें। कार्यक्रमों के अन्तर्गत प्रताप गौरव केन्द्र की फिल्म, स्वराज विषय से जुडी फिल्म भी प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई जाएगी।साथ ही जगह- जगह होने वाले कार्यक्रमों में मुख्य वक्ता स्वतंत्रता के 75 वर्ष के विषय पर अपना विषय रखेंगे।
स्वराज गौरव यात्रा का यह रहेगा मार्ग।
स्वराज गौरव यात्रा 19 मई को महाराणा प्रताप के राजतिलक गोगुंदा से प्रातः शुभारंभ कार्यक्रम के साथ प्रारंभ होगी। तत्पश्चात यह यात्रा ओगणा,झाडोल होती हुई कोलयारी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगी।दूसरे दिन 20 मई को फलासिया,पानरवा,कोटडा,
मालवा का चोरा,जसवंतगढ,21 मई को पदराडा,सायरा, केलवाडा,चारभुजा,22 मई को दिवेर,देवगढ,आमेट,23 मई को सरदारगढ,कुंवारिया,राजसमंद,24 मई को केलवा, खमनोर, नाथद्वारा,25 मई को रेलमगरा,फतहनगर,वल्लभनगर, मावली, 26 मई को भींडर, कानोड,लसाडिया, 27 मई को करावली, भबराणा, झललारा, सलूंबर, 28 मई को सेमारी, चावंड, सेरिया, बस्सी, जयसमंद, 29 मई को जावद, उथरदा, कुराबड,कानपुर,30 मई को काया,पई, नाई,कैलाशपुरी और देलवाडा होते हुए उदयपुर के लिए प्रस्थान कर जाएगा। 31 मई, 1 जून व 2 जून को मुख्य रथ उदयपुर शहर के विभिन्न मोहल्लों में रहेगा।
स्वतंत्रता सेनानियों योद्धाओं का होगा सम्मान।
स्वराज गौरव यात्रा के दौरान विभिन्न खंड स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में स्वतंत्रता सेनानियों, योद्धाओं,पर्यावरण प्रेमियों,जल पहाडों के संरक्षण के लिए कार्य करने वाले,गौ प्रेमियों, उन्नत किस्म की खेती करने वाले कृषकों, देश के लिए शहीद सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित कर उनका सम्मान भी किया जाएगा।
2 जून महाराणा प्रताप जयन्ती पर होगा समापन।
स्वराज गौरव यात्रा का समापन 2 जून को प्रताप गौरव केन्द्र में सायं 6 बजे होने वाले महाराणा प्रताप जयन्ती समारोह के उद्घाटन समारोह के साथ ही होगा।

0 टिप्पणियाँ