जयपुर/जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर उपद्रव प्रकरण में अब तक पुलिस ने 141 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके साथ ही प्रकरण में अब तक 12 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। डीजीपी एमएल लाठर पुलिस मुख्यालय से लगातार पूरे प्रकरण पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही जयपुर से जो पुलिस अधिकारी जोधपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए और फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश देने के लिए भेजे गए हैं उनसे भी रिपोर्ट ली जा रही है। डीजीपी एमएल लाठर ने बताया कि अब तक गिरफ्तार किए गए 141 लोगों में से 133 को शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही 8 लोगों को आईपीसी की अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस की ओर से 4 एफआईआर और आमजन की ओर से 8 एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी हैं। उपद्रव में 9 पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं जिनमें किसी की भी हालत गंभीर नहीं हैं और सभी सुरक्षित हैं। वहीं 3 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिन का इलाज अभी चल रहा है, हालांकि तीनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डीजीपी ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाह पर ध्यान न देने और अफवाहों के बारे में तुरंत पुलिस अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। डीजीपी एमएल लाठर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को आईडेंटिफाई करने का काम किया जा रहा है। साथ ही सोमवार रात और मंगलवार सुबह जो उपद्रव हुआ उसमें एक ही समूह के लोग शामिल थे या अलग अलग समूहों के लोग थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। सोमवार रात को उपद्रव के बाद पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था लेकिन मंगलवार सुबह एक साजिश के तहत उपद्रवी इकट्ठा होकर आए और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के साथ ही उत्पात मचाया। उपद्रवी चाहे कोई भी हों उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।जोधपुर में हुए उपद्रव के बाद शहर में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए और माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय से विशिष्ट अफसरों की खास टीम जोधपुर रवाना की गई है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर हवा सिंह घुमरिया, एडीजी संजय अग्रवाल, डीआईजी राहुल प्रकाश सहित 1 दर्जन से अधिक अधिकारियों को जोधपुर भेजा गया है। इनमें एडिशनल एसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। टीम क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करेगी।

0 टिप्पणियाँ