चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
चित्तौड़गढ़ के सुख वाड़ा पंचायत में जिला परिषद की ओर से आयोजित की गई तीन दिवसीय धाकड़ कबड्डी प्रतियोगिता भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़े हादसे का कारण बन गई। जिसमें बीती रात ट्रैक्टर में सवार भाजपा कार्यकर्ताओं की सुखवाड़ा खेल मैदान से आते समय ट्रेलर से भिड़ंत हो जाने के चलते उसमें सवार तीन भाजपा कार्यकर्ताओं में से एक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए जिसमें से एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया। जबकि एक अन्य का उपचार जिला राजकीय चिकित्सालय में जारी है। इधर जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ ने आनन-फानन में मृतक के शव के पोस्टमार्टम करने की कार्रवाई भी अल सवेरे करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार 12 से 15 मई तक जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ की ओर से जिला परिषद के तत्वावधान में पंचायत सुखवाड़ा में तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया था। इसी के समापन के बाद  भाजपा कार्यकर्ता लालचंद रेगर, गोपी लाल रेगर और शंकर लाल रेगर रविवार देर रात्रि ट्रैक्टर में सामान भरकर चित्तौड़ की ओर लौट रहे थे कि अचानक से ट्रेलर ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर में सवार कार्यकर्ता डालचंद रेगर निवासी नयावास, बोलो का सावता गंगरार की मौके पर ही मौत हो गई। वही अन्य शंकरलाल और गोपीलाल को देर रात उपचार के लिए जिला राजकीय चिकित्सालय लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने शंकरलाल की हालत की गंभीरता को देखते हुए उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया। एक अन्य घायल गोपीलाल का उपचार जिला राजकीय सांवलियाजी चिकित्सालय में जारी है। जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ ने इस घटना में मृतक डालचंद रेगर के पोस्टमार्टम की कार्रवाई सवेरे जल्दी करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बारे में जानकारी देते हुए चिकित्सालय में घायल गोपीलाल ने बताया कि तीन कार्यकर्ता रात्रि करीब 12  बजे कबड्डी प्रतियोगिता के समापन के बाद सुखवाड़ा से ट्रैक्टर में सामान भरकर चित्तौड़ की ओर रवाना हुए थे। इसी बीच रिठोला चौराहे के पास पीछे से आ रहे ट्रोले ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। जिससे एक की मौत हुई है और 2 अन्य घायल हुए हैं l उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद जिला प्रमुख और कोई भी भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए नहीं आया। जानकारी में यह भी सामने आया है कि इससे हादसे में मृतक ड़ालचंद रेगर के अंतिम संस्कार में भी जिला प्रमुख सुरेश धाकड़ और अन्य पदाधिकारियों ने शामिल होना उचित नहीं समझा। जिसके चलते स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में जिला प्रमुख के प्रति नाराजगी साफ देखी जा रही है।