भरतपुर
भरतपुर सर्किट हाउस में कठूमर विधायक पुत्र के ठहरने के लेकर बुधवार को हुए विवाद की वजह से सांसद रंजीता कोली और विधायक बाबूलाल बैरवा में ठन गई है। खास बात यह है कि अलवर का कठूमर विधानसभा क्षेत्र भरतपुर लोकसभा सीट का हिस्सा है। रंजीता ही वहां की सांसद हैं। बुधवार को उनका विधायक पुत्र से सर्किट हाउस में उस समय विवाद हो गया जब वे दोपहर करीब ढाई बजे प्रेस कांफ्रेंस करने सर्किट हाउस पहुंची।
जिस जगह उन्हें प्रेस कांफ्रेंस करनी थी, वहां पहले ही से 4-4 साथियों के साथ कठूमर विधायक बैरवा का बेटा सोफे पर आराम कर रहा था। जब सांसद ने उससे पूछा कि तुम कौन हो और यहां इस तरह कैसे लेटे हो। तब उसने कहा था कि वह कठूमर विधायक बाबूलाल बैरवा का बेटा है। भरतपुर का प्रभारी भी है। इसलिए यहां लेटा हुआ है। इसी बात को लेकर सांसद के स्टाफ और विधायक पुत्र में बहसबाजी हो गई थी।
पुलिस इनके दबाव में, इसलिए कांग्रेसी बेलगाम
इधऱ, सांसद रंजीता कोली का आरोप है कि विधायक पुत्र अवधेश ने मेरे निजी सचिव को गुरुवार सुबह फोन पर धमकी दी कि सांसद एक बार कठूमर आकर दिखाएं। हम उसे देख लेंगे। एक विधायक पुत्र का इस तरह धमकी देना दर्शाता है कि कांग्रेस के लोग कितने बेलगाम हैं। उन्होंने कहा कि इसे वे सोशल मीडिया पर डालेंगी। क्योंकि राजस्थान की पुलिस कांग्रेस नेताओं के दबाव में काम कर रही है।
फर्जी कहानी रच ले चुकीं सुरक्षा : बैरवा
कठूमर से कांग्रेस विधायक बाबूलाल बैरवा ने इस मुद्दे पर कहा कि उनके पुत्र अवधेश बैरवा से सांसद रंजीता कोली ने दुर्व्यवहार इसलिए किया क्योंकि वे मुझसे राजनीतिक ईर्ष्या रखती हैं। वह अपने पति के लिए कठूमर में राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं। लेकिन, कामयाब नहीं हाेंगी। क्योंकि उन्होंने कठूमर में एक भी काम नहीं कराया है। अनावश्यक चीजों को तूल देना उनकी आदत है। पहले भी दो बार हमले की फर्जी कहानी रचकर सिक्योरिटी ले चुकी हैं।
इधऱ, विधायक पुत्र अवधेश बैरवा का कहना है कि वे अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के उपाध्यक्ष हैं। इस नाते उन्हें सर्किट हाउस में ठहरने का हक है। लेकिन, बुधवार को तो वे सिर्फ वेटिंग हॉल में बैठे थे। दोपहर को जब सांसद वहां आईं तो उन्हें नमस्कार करने के साथ ही कठूमर में पानी की समस्या से अवगत करवाकर बैठ गया था। इसी बात पर उनका स्टाफ नाराज हो गया। सांसद का प्रोटोकॉल वे समझते हैं। लेकिन, सांसद हाइलाइट होने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाती रहती हैं।
अजा वित्त व विकास निगम उपाध्यक्ष ठहरने के पात्र : मैनेजर
सर्किट हाउस के मैनेजर समरजीत सिंह का कहना है सांसद रंजीता कोली और विधायक पुत्र अवधेश बैरवा की बीच क्या हुआ था, इसका हमें नहीं पता। किसी ने कोई शिकायत भी नहीं की। वित्त निगम उपाध्यक्ष को सर्किट हाउस में ठहरने की पात्रता है। बैरवा ने कमरा नहीं लिया था वेटिंग हॉल में थे। खाना खाया था, जिसका भुगतान किया है।


0 टिप्पणियाँ