जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पूरे प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद एक अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। गेहूं खरीद के लिए पूरे प्रदेश में 389 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सभी क्रय केंद्रों पर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। केंद्र सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति शासन सचिव नवीन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कोटा संभाग में गेहूं खरीद 15 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार गेहूं खरीद की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। इसके लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट पर गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन लिंक से किसान ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया 15 मार्च से शुरू हुए पोर्टल पर  अब तक लगभग 11 हजार  किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। शासन सचिव ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर गेहूं के समर्थन मूल्य पर उपार्जन, बारदाना, भंडारण, किसान की पहचान, खरीद व उठाव के समय तोल कांटों की व्यवस्था, यातायात व्यवस्था संबंधी सभी निर्देश जिला कलेक्टर व क्रय एजेंसियों को पहले ही दिए जा चुके हैं। जिला कलेक्टरों को क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वेब कैमरा या वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।