जयपुर। 

भारत में वर्ष 1966 में रजत पट पर कामयाबी के झंडे गाड़ने वाली चर्चित फिल्म ‘गाइड’ के प्रदर्शन की 56वीं साल गिरह जयपुर में धूमधाम से मनाई गई। इसका आयोजन 8 अप्रेल को जयपुर की एवरग्रीन देवानंद सोसायटी की ओर से निर्माण नगर स्थित देशी हाउस रैस्टोरैन्ट में किया गया। समारोह में जाने-माने फिल्म समीक्षक पवन झा और दी एवरग्रीन देवानंद सोसाइटी के अध्यक्ष रवि कामरा ने चर्चा की । पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी गोविन्द शर्मा और अन्य मेहमानों नें भी इस मौके पर अपने संस्मरण सुनाए। संजय कौशिक के संचालन में होने वाले इस समारोह में धर्मेन्द्र छाबडा, राजेश शर्मा ने गाइड फिल्म के गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया।


सोसायटी के अध्यक्ष और समारोह के संयोजक रवि कामरा ने चर्चा के दौरान बताया कि गाइड 1965 में बनी हिन्दी भाषा की फिल्म है। यह भारत के प्रसिद्ध अंग्रेज़ी लेखक आर के नारायण के द गाइड नाम के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म की पहली स्क्रीनिंग 6 फरवरी 1965 को अमेरिका में मानी जाती है। ये काम शायद फिल्म को ऑस्कर पुरस्कारों में एंट्री दिलाने के लिए किया गया। फिल्म को विदेशी फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी मिला पर अंतिम सूची में ये जगह न बना पाई। इसके बाद ये फिल्म भारत में अगले साल यानी 1966 में रिलीज हुई और 1967 के फिल्मफेयर पुरस्कारों में नौ नामांकन पाकर सात पुरस्कार जीतने में सफल रही। इस फिल्म में देवानंद और वहीदा रहमान की जोड़ी के अभिनय ने कामयाबी की नई इबारत लिख डाली थी।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव राज बंसल ने सभी का धन्यवाद ग्यापित किया।