जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने विभाग में यूटीबी (आवश्यक अस्थाई आधार) के पद पर राजपत्रित चिकित्सा सेवा के पदों एवं अधीनस्थ चिकित्सा सेवा के कार्मिको की सेवाएं 31 मार्च 2023 तक बढ़ाने की सहमति दे दी है। चिकित्सा मंत्री के निर्देश पर जिन कार्मिकों को 31 मार्च 2022 तक के लिए चयनित किया गया था उनकी सेवाएं 31 मार्च 2023 तक अथवा नियमित भर्ती से कार्मिक उपलब्ध होने तक जो भी पहले हो, तक की अभिवृद्धि के लिए विशेष शर्तों पर सैद्धान्तिक सहमति दी गई है।निदेशों के अनुसार के आवश्यक अस्थाई आधार पर जिलों में कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिगकर्मियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को अभिवृद्धि देने के लिए विभाग द्वारा 4 अक्टूबर, 2014 और 9 नवंबर 2017 में उल्लेखित शर्तों एवं दिशा-निर्देशों की अक्षर पालना की जाए। साथ ही सेवा अभिवृद्धि से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जावे कि यदि प्रस्तावित कार्मिकों की अस्थायी नियुक्ति स्वीकृत पदों के विरुद्ध तथा समय-समय पर संशोधित नियम में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया की पालना के उपरान्त की गयी है, तो ही उक्त अभिवृद्धि मान्य होगी। निर्देशों के अनुसार वर्तमान में जिलों में कार्यरत यूटीबी चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को उपस्थिति प्रमाण पत्र के आधार पर वेतन आहरण करवाया जाएगा।