जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान में विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाओं का नया इतिहास बनाने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं । गहलोत ने सवाई मानसिंह मेडिकल काॅलेज ग्रांउड में आईपीडी टावर और हृदय रोग संस्थान का भूमि पूजन व शिलान्यास किया ।

एसएमएस अस्पताल के कॉटेज वार्ड की जगह बनने वाला यह 24 मंजिला आईपीडी टावर अगले 32 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। दो चरणों में बनने वाले इस टावर के प्रथम चरण में 12 मंजिल का कार्य किया जाएगा। टावर में 1200 बैड, 20 ऑपरेशन थियेटर, 4 कैथलैब, 100 ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही रूफटॉप हेलीकॉप्टर लैंडिंग की भी व्यवस्था होगी ताकि ऑर्गन ट्रांसप्लांट और एयर एम्बुलेंस में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। टावर से एसएमएस अस्पताल के सभी विंग से जुड़े रहेंगे व किसी भी कार्य के लिए भवन के बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सवाई मानसिंह चिकित्सा महाविद्यालय में बनने वाले हृदय रोग संस्थान में कुल 6 ओपीडी रूम, 34 जनरल बैड, 53 आईसीयू, 5 कैथ लैब एवं 3 ओटी होंगे।