जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
दौसा के लालसोट मे निजी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत और उसके बाद डॉक्टर की ओर से आत्महत्या किए जाने के बाद प्रदेशभर के चिकित्सकों में रोष व्याप्त है। इस घटना के बाद प्राईवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम्स सोसायटी ने आह्वान किया है कि बुधवार को जयपुर के निजी अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं होगा। निजी अस्पताल पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।चिकित्सकों का कहना है कि मामले को प्रशासन गंभीरता से ले और दोषियों पर कार्रवाई करे अन्यथा चिकित्सकों की ओर से आंदोलन तेज किया जाएगा। प्राइवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम सोसायटी का आरोप है कि लालसोट के आनंद अस्पताल में इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। जिसके बाद स्थानीय पुलिस की ओर से अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अर्चना शर्मा के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। ऐसे में आहत होकर डॉ. अर्चना शर्मा ने आत्महत्या कर ली। प्राईवेट हॉस्पिटल्स एंड नर्सिंग होम्स सोसायटी के सेक्रेटरी डॉ विजय कपूर का कहना है कि इस घटना के बाद सभी निजी अस्पतालों के चिकित्सकों में रोष व्याप्त है। ऐसे में 30 मार्च को जयपुर में संपूर्ण मेडिकल बंद का आह्वान किया गया है। बंद के तहत सभी निजी अस्पताल बंद रहेंगे और सिर्फ़ भर्ती मरीज़ों को ही अटेंड किया जाएगा। डॉ. विजय कपूर ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि दोषी पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर के गिरफ़्तार किया जाए।चिकित्सकों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ज़िम्मेदार पुलिस अफ़सरों व परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट,2008 के तहत कार्रवाई नहीं होती है तो पूरे प्रदेश में चिकित्सकों की ओर से आंदोलन तेज किया जाएगा।