कोटा-हंसपाल यादव।
रोटरी क्लब कोटा की ओर से 'जोड़ प्रत्यारोपण भ्रांतियां' विषय पर व्याख्यान का आयोजन क्लब परिसर में किया गया। जिसमें कोटा मेडिकल काॅलेज के अस्थि रोग विभाग के सीनियर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डाॅ. आरपी मीणा ने सदस्यों को हड्ड़ी जोड एवं उसके प्रत्यारोपण पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि जोड़ प्रत्यारोपण से जुड़ी भ्रांतियां निराधार हैं। बढ़ती उम्र के साथ हड्डियां भी कमजोर होने लगती हैं और खास उम्र पर प्रमुख जोड़ रगड़ खाकर घिस जाता है और जोड़ों में दर्द होने लगता है। इस तरह के दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि कुशल चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। इस दौरान डाॅ. मीणा ने जनता में व्याप्त जोड़ प्रत्यारोपण पर भ्रान्तियों का तथ्यात्मक निराकरण किया। उन्होंने प्रत्यारोपण की मेडिकल प्रक्रिया एवं लाभों से अवगत कराया। डाॅ. मीणा ने सदस्यों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया। अन्त में क्लब सचिव नितिन अग्रवाल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रद्युम्न कुमार पाटनी, वैशाली भार्गव, लक्ष्मण सिंह खींची, मुकेश व्यास समेत क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ