जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने जैसलमेर जिले में 29 से 31 मार्च तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जैसलमेर में इस प्रकार के खेलों के आयोजन से यहां की प्रतिभाओं को सीख मिलेगी एवं वे भी इस खेल के प्रति आगे आएंगे। उन्होंने इस आयोजन के लिए जिला वुशु संघ के संरक्षक एवं रोटरी क्लब के अध्यक्ष मनवन्त गहलोत एवं अध्यक्ष वुशु संघ, लोकेन्द्र गहलोत एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इन्होंने जो कार्य किया है वह सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलते हुए खेल प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने की सीख भी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए सदैव कटिबद्ध है एवं सरकार ने विभिन्न खेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न राजकीय सेवाओं में 2 प्रतिशत आरक्षण दिया है वह वास्तव में खेल जगत एवं खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। नगर परिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने कहा कि जैसलमेर वासियों के लिए यह गर्व की बात है कि राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का यहा आयोजन हो रहा है। महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अंजना मेघवाल ने कहा कि जैसलमेर में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की बहार आई है, इससे खेलों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के प्रारम्भ में आयोजन समिति के संरक्षक मनवन्त गहलोत, लोकेन्द्र गहलोत, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, संघ के सचिव राजेश कुमार ने अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया। राकेश विश्नोई ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस चार दिवसीय वुशु प्रतियोगिता के आयोजन एवं भाग लेने वाली टीमों के बारें में अवगत कराया।इस दौरान समाज सेविका श्रीमती विमला गहलोत ने बताया कि स्व. श्याम लाल गहलोत की स्मृति में ‘‘बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं‘‘ थीम पर वुशु प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने गहलोत की जीवनी पर प्रकाश ड़ाला। इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी दौलतराम चौधरी, उपनिदेशक सुभाष विश्नोई, रोटरी क्लब के सचिव चन्द्रशेखर पुरोहित, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामखिलाड़ी बैरवा के साथ ही पूर्व सरपंच देवकाराम माली, पार्षद निर्मल पुरोहित, पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर, सुमार खान के साथ ही अन्य खेल संघों से जुड़े पदाधिकारी एवं खिलाडी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान ख्यातनाम लोक कलाकार तगाराम भील ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं आवड कुमार सैन ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति पेश की। अल्पसंख्यक मामलात मंत्री द्वारा इस मौके पर वुशु खेल के जिन खिलाड़ियों का राजकीय सेवाओं में चयन हुआ उनका सम्मान किया गया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता जैसलमेर नगर परिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने की एवं जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह, पुलिस अधीक्षक भंवर सिंह नाथावत, पूर्व जिला प्रमुख एवं महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अंजना मेघवाल, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमीन खान, पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर, भारतीय सीनियर वुशु टीम के प्रशिक्षक राजेश कुमार टेलर, समाजसेवी किशोर परिहार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।