जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जिला कलक्टर राजन  विशाल ने नगर निगम, पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर)/यातायात, अधीक्षण अभियन्ता (पीडब्ल्यूडी) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक को आदेश जारी कर गणगौर मेले के उपलक्ष्य में  प्रशासनिक  व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिये है। विशाल ने बताया कि गणगौर माता की सवारी 04 व 05 अप्रैल को सायं 6:00 बजे जनानी डयोढी सिटी पैलेस से रवाना होकर त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार होती हुई पालका बाग पहुंचेगी। इस सवारी को देखने के लिये काफी संख्या में दर्शनार्थी एवं विदेशी पर्यटक आते है अतः सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। विशाल ने नगर निगम हैरिटेज के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सवारी मार्ग पर सम्पूर्ण सफाई व्यवस्था, रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अग्निशमन वाहन आवश्यक उपकरणों के साथ उपलब्ध रहे। इसके साथ ही पुलिस उपायुक्त द्वारा शोभा यात्रा के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द्र, सुरक्षा, कानून एवं शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार शोभायात्रा के दौरान यातायात की माकूल व्यवस्था एवं समुचित मात्रा में यातायात पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि चिकित्सा वाहन, नर्सिंग स्टाफ, आवश्यक उपकरणों एवं दवाईयों के साथ नियत स्थान पर उपस्थित रहे। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक को निर्देश दिये कि गणगौर पर्व पर सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर विद्युत, पेयजल, एम्बुलेंस व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करवाया जाए।