श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
लोकसभा में शून्य काल की चर्चा के दौरान संसदीय क्षेत्र श्रीगंगानगर से लोकसभा सांसद निहालचन्द ने श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिलों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से वंचित किसानों का मुद्दा उठाया और इन किसानों को इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ उपलब्ध कराने की मांग केंद्र सरकार से की। लोकसभा में बोलते हुए सांसद निहालचंद ने कहा कि संसदीय क्षेत्र श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ के बहुत से किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ अभी भी नहीं मिल पा रहा है। बैंक और बीमा कंपनियों के द्वारा ई-मित्र और सीएससी सेंटर के माध्यम से गलत डाटा अपलोड करने के कारण बहुत से किसानों को प्रीमियम जमा करने के बाद भी नुकसान के हर्जाने के रूप में मिलने वाला लाभ अभी तक नहीं मिल सका है। वर्ष 2019 से लेकर वर्ष 2021 के मध्य बहुत से किसान इस योजना के लाभ से वंचित रह गए है। श्रीगंगानगर में खरीफ 2021 में 5500 किसानों की लगभग 1 लाख 37 हजार पॉलिसियों को एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के द्वारा रद्द कर दिया गया है। सूरतगढ़ तहसील के किसानों को केवल बुवाई प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाने पर इस योजना के लाभ से वंचित रखा गया है। राजस्थान प्रदेश में राजस्व विभाग के पटवारियों द्वारा किसानों को बुवाई प्रमाण पत्र जारी ही नहीं किये गए है, ऐसी स्थिति में ये किसान बुवाई प्रमाण पत्र को जमा करवाने में असमर्थ है। ऐसे में यहाँ के किसान भी पात्र होने के बावजूद इस योजना का लाभ नहीं ले पा रहे है।उन्होने कहा कि जिला हनुमानगढ़ में भी बहुत से किसानों की बरानी भूमि को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी द्वारा गलत अंकित किया गया है, जिसके कारण स्थानीय किसान बीमा के क्लेम से वंचित रह गए और पात्र होने के बाद भी उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल सका है। सांसद निहालचंद ने तुरंत फसल बीमा योजना के पोर्टल को खोलते हुए किसानों की इन त्रुटियों में जल्द से जल्द सुधार करते हुए पुनः सभी पात्र किसानों को इस योजना का लाभ दिलवाने हेतु केंद्र सरकार से आग्रह किया है।

0 टिप्पणियाँ