जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर शहर के लिए की गई बजट घोषणाओं एवं अन्य विकास कार्यों की मौके पर जाकर प्रगति देखी एवं सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए। गहलोत ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बस में बैठकर जोधपुर शहर में चल रहे 7 विकास कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले सुरपुरा बांध पर जेडीए द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बांध पर बनी हेरिटेज बारादरी के मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए उसे बेहतर स्वरूप में पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
गहलोत को जोधपुर कलक्टर हिमांशु गुप्ता एवं जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त डॉ. इन्द्रजीत यादव ने बताया कि भारत सरकार की अमृत योजना के अन्तर्गत प्रथम चरण में 265 लाख रुपए के स्वीकृत कार्यों के अन्तर्गत पाथ-वे, विद्युतीकरण, ग्रीन स्पेस, जिम उपकरण एवं झूले इत्यादि कार्य करवाए गए हैं। इन कार्यों पर अब तक 210 लाख रुपए व्यय हुए हैं। प्रथम चरण में शेष रहे कार्यों के लिए प्राधिकरण मद से 70 लाख रुपए के कार्यादेश जारी कर कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यो के साथ ही बारादरी के जीर्णोद्धार के लिए 64 लाख तथा बारादरी में विद्युतीकरण के लिए 7 लाख रूपए की निविदा आमंत्रित की जा चुकी हैं। द्वितीय चरण के लिए भी कार्य योजना तैयार की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा द्वितीय चरण के लिए 3.5 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
11 करोड़ 50 लाख से होगा जयनारायण व्यास टाउन हॉल का रिनोवेशन।
मुख्यमंत्री ने जयनारायण व्यास टाउन हॉल के रिनोवेशन कार्यों के बारे में मौके पर जाकर जानकारी ली।गहलोत को जिला कलक्टर ने बताया कि जयनारायण व्यास टाउन हॉल में बजट घोषणा 2021-22 के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं लोक कलाकारों को सुव्यवस्थित रंगमंच प्रदान करने के लिए 1150 लाख की राशि से जीर्णोद्धार करवाया जायेगा। इसके लिए निविदा आमंत्रित कर ली गई है।
पावटा जिला अस्पताल विस्तार कार्य का अवलोकन।
मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल, पावटा के कार्य की अब तक हुई प्रगति के बारे में जानकारी ली। गहलोत को जिला कलेक्टर नेे बताया कि जिला अस्पताल पावटा विस्तार के तहत 25 करोड 80 लाख रूपए की राशि से हो रहे विकास कार्य 20 अक्टूबर तक पूरे होने की संभावना है।
अंतर्राष्ट्रीय ऑडिटोरियम व कल्चरल सेंटर की प्रगति देखी।
मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा 2021-22 के तहत महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 60 करोड की लागत से बन रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ऑडिटोरियम एवं कल्चरल सेन्टर में अब तक हुए कार्यो की मौके पर जाकर प्रगति देखी। गहलोत ने 38 करोड की लागत से बन रहे राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त बस स्टैण्ड के कार्यों का भी मौके पर जाकर अवलोकन किया। जिला कलेक्टर ने बताया कि इस पर अब तक 315.24 लाख रूपए की राशि व्यय हो चुकी है।
नया तालाब पुनरूद्धार कार्य का किया अवलोकन।
मुख्यमंत्री ने नागौरी गेट स्थित नया तालाब जीर्णोद्वार के अंतर्गत जेडीए द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्याें का भी अवलोकन किया। इसके तहत जोगिंग ट्रैक, पार्क, फाउण्टेन तथा ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। गहलोत ने सोजती गेट कंट्रोल रूम के पास यातायात व पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम कार्यालय भवन के पास बनने वाली मल्टी लेवल पार्किंग के कार्यों को देखा। जिला कलक्टर ने बताया कि 15 हजार 832 स्क्वेयर मीटर बिल्ट अप एरिया में पार्किंग का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने पार्किंग के पूरे प्लान की अधिकारियों से जानकारी ली।
रोडवेज कर्मियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।
पावटा में निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टैंड पर मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी संघ ने रोडवेज कर्मियों को सातवां वेतनमान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सोलंकी, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती संगीता बेनीवाल, विधायक जोधपुर शहर श्रीमती मनीषा पंवार, महापौर उत्तर श्रीमती कुंती देवड़ा, महापौर दक्षिण सुश्री वनिता सेठ, निदेशक रीको सुनील परिहार, उपाध्यक्ष राज्य मेला प्राधिकरण रमेश बोराणा, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड, प्रो. अयूब खान, समाज सेवी जसवंत सिंह कच्छवाहा, पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता, पुलिस आयुक्त नवज्योति गोगाई, पुलिस महानिरीक्षक पी रामजी, आयुक्त जेडीए डा. इन्द्रजीत यादव सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ