जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। पीएम मोदी के साथ संसद भवन में हुई मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। इसके अलावा राजे ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी करीब आधे घंटे तक चर्चा की है। 
पीएम मोदी से राजे ने प्रदेश की राजनीति और विकास के मुद्दों पर चर्चा हुई है। राजे के दिल्ली में बड़े नेताओं से मुलाकात और सक्रिय होने के पीछे राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब राजनीतिक क्षेत्र में यह चर्चा भी जोरों पर होने लगी है कि आने वाले समय में राजे को नई जिम्मेदारीभी दी जा सकती है। 
अभी तक राजे का इन मुलाकातों पर कोई बयान नहीं आया है। इससे पहले राजे बुधवार को उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुई। उन्होंने देहरादून में भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। संसद के सेंट्रल हॉल में वसुंधरा राजे ने पंजाब सीएम भगवंत मान, पूर्व वित्त मंत्री जयंत सिन्हा सहित कई नेताओं के साथ विभिन्न विषयाें पर चर्चा की। राजे ने प्रदेश के कई सांसदों से प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की है। संसद भवन परिसर पहुंचने पर राजे के साथ जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, सांसद दुष्यंत सिंह और करौली-धौलपुर सांसद मनोज राजोरिया साथ में थे।

आज वसुंधरा राजे योगी के शपथ ग्रहण समारोह मे होगी शामिल।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार यानी कि आज लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राजकीय अतिथि बनाया गया है। राजे दोपहर प्राइवेट विमान से दिल्ली से लखनऊ जाएंगी और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर शाम को वापस दिल्ली लौट आएंगी।