जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जिला कलक्टर राजन विशाल ने जिले के राजस्व अधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि बजट में राज्य सरकार द्वारा की गई घोषणाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन करें। विशाल ने योजनाओं की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने के लिए कहा है। जयपुर जिला कलक्टर विशाल ने जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन संबल को तीव्र गति प्रदान करें। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में पात्र लोगों से दस्तावेज प्राप्त कर ई-मित्र केन्द्रों पर आवेदन ऑनलाइन करवाकर पीपीओ जारी करवाये। विशाल ने ‘चुप्पी तोड़ों सयानी बनो‘ कार्यक्रम पर भी मिलजुलकर कार्य करने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने कहा कि ऑपरेशन संबल और ‘चुप्पी तोड़ो सयानी बनो‘ के सन्दर्भ में जन प्रतिनिधिगण को उनकी तरफ से अर्द्धशासकीय पत्र भेजे जा रहे है, जिन्हें राजस्व अधिकारी सम्मान पूर्वक प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे ताकि यह अभियान अधिक सक्रियता से चल सकें। बैठक में जिला कलक्टर राजन विशाल ने राजस्व शाखा से संबंधित लम्बित प्रकरणों, राजकीय विभागों को भूमि आवंटन, आवासीय प्रयोजनार्थ लम्बित प्रकरणो की स्थिति, वाणिज्यिक प्रयोजनार्थ संपरिवर्तन प्रकरण, औद्योगिक प्रयोजनार्थ भूमि संपरिवर्तन के लम्बित प्रकरणों, बकाया विधानसभा प्रश्नों की स्थिति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों के विरूद्ध लम्बित प्रकरणों, लम्बित पेंशन प्रकरणों, प्राथमिक जांच, विभागीय जांच, प्रशासनिक जांच के लम्बित प्रकरणों के निस्तारण सहित विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा की। विशाल ने उपखण्डों में लम्बित मामलों पर नाराजगी जाहिर करते हुये कहा कि लम्बित मामलों को अटकाकर नहीं रखा जाए बल्कि लम्बित मामले का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना सुनिश्चित किया जाये तथा समय-समय पर मॉनिटरिंग भी की जाए। बैठक में जिले के सभी अतिरिक्त जिला कलक्टर सहित जिले के सभी राजस्व अधिकारी मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ