उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
उदयपुर जिले की दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन राज्यपाल कलराज मिश्र ने चित्रकूटनगर स्थित महाराणा प्रताप खेल गांव पहुंचे। यहां उन्होंने उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की मेजबानी में एस्ट्रो टर्फ कोर्ट पर आयोजित ऑल इंडिया इंटर जोनल हॉकी (महिला) चैंपियनशिप में जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर और आईटीएम विश्वविद्यालय ग्वालियर के बीच आयोजित फाइनल मैच देखा और ट्रॉफी प्रदान की। चैम्पियनशिप के समापन समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल कलराज मिश्र ने विजेता जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर तथा उपविजेता आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर की खिलाड़ियों को बधाई दी। तृतीय रही पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला और चतुर्थ स्थान पर रही सावित्री बाई फूले विश्वविद्यालय पुणे की टीम को भी ट्रॉफी प्रदान की एवं मेडल पहनाए। राज्यपाल मिश्र ने विजेता दल को अपनी तरफ से एक लाख रुपये तथा उप विजेता को 75 हजार रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया। राज्यपाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई दी और सभी खिलाडियों को आशीर्वाद प्रदान कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राज्यपाल ने इस चैम्पियनशिप की स्मारिका का भी विमोचन किया।समापन समारोह में त्रिनिदाद एवं टोबेगो के उच्चायुक्त डॉ. रॉजर गोपाल, उदयपुर पूर्व राजपरिवार सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे जबकि अध्यक्षता मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमेरिका सिंह ने की। समारोह में राज्यपाल ने मुख्य प्रशिक्षक अर्जुन अवार्डी ओलम्पियन अशोक ध्यानचन्द को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, सुखाडिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर्स एवं अन्य प्रतिनिधि सहित खेल प्रशिक्षक, खेल प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।