प्रतापगढ़-चंचल सनाढ्य।
प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पांच किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। साथ ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध अफीम तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है। छोटीसादड़ी एसएचओ कपिल पाटीदार ने बताया कि एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत छोटीसादड़ी पुलिस ने कार्यवाही की है। पुलिस ने पांच किलो अफीम जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआई पाटीदार ने बताया कि कारुण्डा चौराहा से आगे गश्त और नाकाबंदी के दौरान दो युवक एक बाइक लेकर आये जिसको रोककर चैक किया तो विजेश गुर्जर और देवकिशन गुर्जर निवासी बरवाडा देवल के कब्जे से पांच किलो अवैध अफीम जब्त की गई। जब्तशुदा अफीम के खरीददार रामेश्वरलाल घाकड निवासी बरवाडा देवल को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआई ने बताया कि मादक पदार्थों में अन्य सदिग्ध जिनकी जब्तशुदा अफीम में संलिप्तता है इनके बारे में आरोपियों से पुछताछ जारी है। जब्त शुदा अफीम की अन्तराष्ट्रीय कीमत दस लाख रूपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस मामलें में आगे जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ