चित्तौड़गढ़-गोपाल चतुर्वेदी।
भक्ति व शक्ति की नगरी वीर-वीरांगनाओं की कर्म स्थली चित्तौड़गढ़ में जौहर स्मृति संस्थान की ओर से तीन दिवसीय विशाल जोहर श्रद्धांजलि समारोह 26 से 28 मार्च तक मनाया जाएगा। जोहर भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में इसके बारे में जानकारी देते हुए जौहर स्मृति संस्थान के अध्यक्ष तख्तसिंह सोलंकी ने बताया कि विगत 2 वर्षों से कोरोना संक्रमण के चलते विश्व प्रसिद्ध विशाल जोहर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन सांकेतिक रूप से किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कोरोना का असर कम होने के चलते इस वर्ष तीन दिवसीय विशाल जोहर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 26 और 27 मार्च को इंदिरा गांधी स्टेडियम में पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह 28 मार्च को आयोजित किया जाएगा। जिसमें श्री महाराणा भोपाल छात्रावास से दुर्ग तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। जहां पर जोहर स्थली पर यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह फतेह प्रकाश महल प्रांगण दुर्ग पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री भारत सरकार गजेंद्र सिंह शेखावत, ऊर्जा मंत्री राजस्थान सरकार भंवर सिंह भाटी, पूर्व राज्यपाल पंजाब वीपी सिंह बदनोर, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, राजसमंद सांसद दिया कुमारी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत के अलावा कई गणमान्य लोग इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारी नरपत सिंह ने बताया कि आजादी के बाद से ही जोहर मेले का आयोजन किया जा रहा है। 1983 से इस मेले का आयोजन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते विगत 2 वर्षों से सांकेतिक रूप से मेले का आयोजन किया गया था। उन्होंने बताया कि इस बार जोहर मेले में कुछ नवाचार भी किए जा रहे हैं जो कि बाहर से आने वाले मेहमानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ