जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में रीट परीक्षा में हुई धांधली तथा पेपर लीक का मामला लोकसभा में भी जोरशोर से गूंजा। शून्यकाल में ये मामला राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक तथा नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल तथा भाजपा के राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने उठाते हुए कहा कि इस मामले की सीबीआई जांच हो तथा पेपर को रद्द किया जाए। बेनीवाल ने लोकसभा की वेल में जाकर रीट परीक्षा को रद्द करने तथा सीबीआई जांच करने की मांग से जुड़ी तख्तियों को भी लहराया। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट राज्यपाल से मंगवाने की भी मांग की। इसी प्रकार भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह ने कहा कि रीट परीक्षा मसाला लाखों परीक्षार्थियों से जुड़ा हुआ है। जिस तरह के तथ्य सामने आ रहे है उसे देखते हुए सीबीआई जांच करवाना जरूरी है। दोनों नेताओं ने केंद्र से हस्तक्षेप का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मामले में लीपापोती कर सकती है। क्योंकि इस प्रकरण में कई बड़े चेहरे संलिप्त है। भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने भी रीट प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने तथा पेपर रद्द करने की मांग लोकसभा में उठाई।हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में मामला उठाने के बाद मीडिया से रूबरू होते समय राजस्थान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा रीट के मामले में जब एसओजी यह मान चुकी है कि जयपुर के शिक्षा संकुल से पेपर चोरी किया गया। उससे जाहिर है तार कई आईएएस अधिकारियों, सरकार के बैठे जिम्मेदारों व मुख्यमंत्री कार्यालय तक जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि पूर्ववती वसुंधरा राजे के शासन काल में भी पेपर आउट हुए। साथ ही बेनीवाल ने राजस्थान लोक सेवा आयोग में व्याप्त भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया। सांसद ने वर्तमान राजस्थान सरकार के कार्यकाल में रीट सहित कई भर्ती परीक्षा के पेपरआउट होने की बात का भी जिक्र किया।

0 टिप्पणियाँ