कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
सांगोद विधायक भरत सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम एक पत्र लिखा। पत्र में एक बार फिर खान एवं गोपालन मंत्री पर तंज कसा गया है। साथ ही आवारा मवेशियों के चलते हो रहे हादसों को लेकर चिंता जाहिर की। विधायक ने पत्र में लिखा कि झालावाड़ के सुनेल कस्बे में शनिवार को 75 वर्षीय कादर पर सांड ने हमला कर घायल कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी तरह आवारा सांड के हमले से सादुलपुर के राजगढ़ कस्बे में 17 फरवरी को दलित परिवार की महिला बनारसी देवी की मौत हो गई थी। ये दोनों घटनाएं तो केवल बानगी भर हैं। प्रदेश में सांड के कारण लगातार मौतें हो रही हैं और लोग घायल हो रहे हैं।सरकार गाय के नाम पर रोज 2 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त कर रही है। गोवंश पर 500 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। विधायक ने इसके आगे लिखा कि इसके बाद भी सांड और गोपालन मंत्री मस्त हैं। सांड तो सड़कों पर से हटेंगे नहीं और मंत्री को आप हटाएंगे नहीं। भरत सिंह ने यह लिखते हुए कहा कि गाय और सांड के कारण प्रदेश में मौत होने पर गोपालन विभाग की तरफ से मृतक के परिवार को दस लाख की सहायता राशि दी जानी चाहिए।