जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के नाम से फर्जी ट्विटर आईडी बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंत्री की फर्जी सोशल मीडिया आईडी से एक जुमलेबाजी का पोस्ट वायरल किया गया है। साथ ही एक व्हाट्सएप नंबर से पर्यटन विभाग के अधिकारियों के पास मैसेज भी किया गया है।अमेजॉन गिफ्ट कार्ड मांगने के साथ रुपए ऐंठने का भी प्रयास किया गया है। जिसके बाद मंत्री विश्वेंद्र सिंह की ओर से साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के नाम से दो फर्जी ट्विटर अकाउंट को लेकर 2 एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पर्यटन विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी महेश कुमार कटारिया के जरिए विशेष अपराध एवं साइबर क्राइम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। फर्जी टि्वटर अकाउंट से मंत्री के नाम से ट्वीट और रिट्वीट किए जा रहे थे।
यह था पूरा मामला।
दरअसल एक मोबाइल नंबर से पर्यटन विभाग के अधिकारियों के पास व्हाट्सएप मैसेज भी आया था। पर्यटन विभाग के अधिकारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप पर मैसेज आया 'मैं विश्वेंद्र सिंह अभी किसी मीटिंग में व्यस्त हूं, मेरे लिए अर्जेंट एक काम कीजिए। दिए लिंक पर 10 -10 हजार रुपये के 5 अमेजॉन गिफ्ट कार्ड खरीदिए जल्दी'। पर्यटन विभाग के अधिकारी मोबाइल पर मैसेज देखकर दंग रह गए। 10 से 12 अधिकारियों के मोबाइल पर अचानक मैसेज आया था। मैसेज को देख कर अधिकारियों ने तुरंत मंत्री विश्वेंद्र सिंह और उनके विशेष सहायक से संपर्क किया। इसके बाद साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने तुरंत सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा। मंत्री की फर्जी ट्विटर आईडी बनाकर पोस्ट की गई कि 'देश के युवाओं को दो करोड़ नौकरी हर वर्ष 15 लाख की तरह जुमला है'। फिलहाल साइबर थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ