जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान को लेकर सियासी चर्चाओं का दौर जारी है। मलिक के बयान की गूंज आज राजस्थान में भी सुनाई दी। जयपुर में प्रेस से मिलिये कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्यपाल मलिक के बयान पर कहा कि गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में राज्यपाल सतपाल मलिक ने जिन शब्दों का प्रयोग किया है, वह उनका इस्तेमाल नहीं कर सकते है। लेकिन उन्हें लगता है कि राज्यपाल सतपाल मलिक ने पीएम मोदी से अंडरस्टैंडिंग के तहत यह बयान दिया है। सीएम गहलोत ने आगे कहा कि अभी केंद्र में भाजपा या एनडीए की नहीं, बल्कि दो लोगों अमित शाह और नरेंद्र मोदी की सरकार है। ऐसे में बिना अंडरस्टैंडिंग के राज्यपाल मलिक पीएम के बारे में ऐसा बयान नहीं दे सकते। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा था कि वह जब किसानों के मामले में प्रधानमंत्री से मिले तो मेरी पांच मिनट में ही उनकी लड़ाई हो गई। वे बहुत घमंड में थे। जब उन्होंने कहा, हमारे 500 लोग मर गए, आप तो कुतिया मरती है तो चिट्ठी भेजते हो। अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी-शाह ने राजस्थान में सरकार गिराने की साजिश रची। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का नाम लिये बिना कहा कि जब एक मंत्री की पोल खुली तो वॉइस सैंपल देने से मना कर दिया। एक सवाल के जवाब में अशोक गहलोत ने कहा कि एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा की मिलीभगत है। राहुल गांधी के हिंदुत्व वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने देश की राजनीति में नई बहस शुरू की है। उन्होंने यह भी कहा आज देश को हिंदूराष्ट्र बनाने की बात कही जा रही है। लेकिन धर्म के नाम पर बने पाकिस्तान का हश्र आज सबके सामने है।

0 टिप्पणियाँ