भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के भरतपुर में कामां थाना क्षेत्र के कनवाड़ा गांव में एक फौजी ने स्कूल में बेटी के चांटा मारने का बदला लेने के लिए स्कूल में गोली चला स्कूल प्रबन्धक की पत्नी को गम्भीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया। बताया गया कि फौजी ने स्कूल के मालिक पर गोली चलाई लेकिन उसकी पत्नी अपने पति को बचाने के लिए बीच में आ गई। स्कूल प्रबंधक की पत्नी को इलाज के लिए कामां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कनवाड़ा गांव में जय बजरंग पब्लिक स्कूल में घटी जहा स्कूल की सातवीं क्लास में गंगा नाम की लड़की पढ़ती है। करीब 20 दिन पहले गंगा को स्कूल से होमवर्क मिला था। लेकिन वह होमवर्क पूरा नहीं करके लाई तो एक टीचर ने गंगा को थप्पड़ मार दिया। गंगा के पिता फतेहगढ़ आर्मी सेंटर में तैनात हैं। वे छुट्टी लेकर रविवार को अपने घर पहुंचे। पिता को गंगा ने बताया की उसे स्कूल में एक टीचर ने थप्पड़ मार दिया था। बेटी की पिटाई की बात सुनकर फौजी पप्पू गुस्से में आग-बबूला हो गया और वह अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर स्कूल पहुंचा। स्कूल पहुंचने पर फौजी पप्पू ने स्कूल के मालिक सुरेंद्र पर बंदूक तान दी। फौजी ने जैसे ही सुरेंद्र पर बंदूक से फायर किया तभी उसकी पत्नी राजबाला बीच में आ गई। गोली सीधे राजबाला के हाथ में लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरी घटना की जानकारी ली। राजबाला की शिकायत के बाद पुलिस ने फौजी पप्पू के घर पर दबिश दी लेकिन वह घर पर नहीं मिला। राजबाला राजकीय अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है। वह अपने पति को खाना देने के लिए स्कूल गई थी। उनके सामने यह घटना हुई तो वह अपने पति को बचाने के लिए खुद बीच में आ गई।