अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान की गहलोत सरकार मे कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली के विधानसभा क्षेत्र मालाखेड़ा के गांव चांद पहाड़ी में दलित की बारात में मौजूद लोगों को दबंगों ने जमकर मारपीट की है। बाराती डीजे पर डांस कर रहे थे। यह दबंगों को रास नहीं आया तो उन्होंने बारातियों पर हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इस विवाह समारोह में मंत्री टीकाराम जूली भी शामिल हुए थे। जानकारी के अनुसार कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली के विधानसभा क्षेत्र मालाखेड़ा के चांदपहाड़ी गांव में रामहेत बलाई की बेटी की शादी थी। थानागाजी क्षेत्र के बिहारीवास गांव से बारात आई हुई थी। बारातियों का डीजे पर डांस करना गांव के दबंगों को पसंद नहीं आया और उन्होंने पहले डीजे बंद करवाया फिर बारातियों के साथ जमकर मारपीट की। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिवार देर रात अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर लिया। घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के बाद उनको छुट्टी भी दे दी गई। मामले की जांच पड़ताल के लिए रविवार को डिप्टी एसपी पीडित रामहेत बलाई के घर पहुंचे और लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर लिए। डिप्टी एसपी ने कहा कि वो मामले की जांच पड़ताल करने के लिए आए हैं। पुलिस ने तुरंत मामले में एफआईआर दर्ज कर ली थी और जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। आपको बता दें, कि प्रदेश में दलित बारात पर हमले का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन उसके बाद भी लगातार घटनाओं का सिलसिला जारी है।वर्तमान की यह घटना कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली के क्षेत्र में हुई है। इसलिए इस घटनाक्रमः की ज्यादा चर्चा है।

0 टिप्पणियाँ