जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर मे भारतीय किसान यूनियन आज राजभवन का घेराव करेगी। किसानों की 5 एकड़ तक की जमीन को नीलामी से बचाने के लिए राजस्थान सरकार की ओर से बनाए गए रोड़ा कानून को राज्यपाल से मंजूरी दिलाने की मांग पर किसान प्रदर्शन करेंगे। घेराव का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम मील और प्रदेश के दूसरे किसान नेता करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता प्रोफेसर सी.बी.यादव ने बताया कि बैंकों का लोन नहीं चुकाने के कारण प्रशासन औक लैंड-माफिया के गठजोड़ से प्रदेश में जगह-जगह किसानों की जमीन नीलाम हो रही है। इसे लेकर कई किसानों ने आत्महत्या कर ली है। किसान संगठनों की मांग पर राजस्थान सरकार ने पिछले साल राजस्थान एग्रीकल्चर डिफिकल्टीज ऑपरेशन एक्ट 1974 में संशोधन किया था। जिसमें 5 एकड़ तक की एग्रीकल्चर लैंड वाले किसानों की जमीन नीलामी रोकने के लिए रिमूवल ऑफ डिफिकल्टीज एक्ट बनाया था। राज्यपाल ने 1 साल से ज्यादा वक्त से इसे रोक रखा है। सीबी यादव ने कहा- कानून को रोक कर रखने की वजह से किसानों की जमीन नीलाम और कुर्क हो रही हैं। पिछले दिनों कई किसानों ने आत्महत्या भी की है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजाराम मील के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के किसान दोपहर 12.30 बजे शहीद स्मारक से राजभवन की ओर कूच करेंगे।राज्यपाल से आग्रह करेंगे। जो कानून पेंडिंग है, उसे जल्द पास करें। ताकि किसानों की नीलाम हो रही जमीनें छूट सकें। अगर राज्यपाल ने ऐसा नहीं किया, तो किसान यूनियन मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगी।

0 टिप्पणियाँ