सवाईमाधोपुर से हेमेन्द्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण को लेकर सियासत गरमाने लगी है। हम्मीर सर्किल के सौंदर्यीकरण मामले को लेकर मंगलवार को नगर परिषद सभापति विमल चंद महावर ने नगर परिषद कार्यालय में पत्रकार वार्ता की । जिसमे उन्होंने कहा कि अगर नगर परिषद की बिना अनुमति के हम्मीर सर्किल का सौंदर्यीकरण किया गया तो नगर परिषद द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। गौरतलब है कि विगत दिनों राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा द्वारा भामाशाह के सहयोग से 30 लाख रुपये की लागत से हम्मीर सर्किल के सौन्दर्यीकरण की बात कही गई थी।
जिसे लेकर भाजपा नेता एंव नगर परिषद के पूर्व सभापति कमलेश जैलिया एंव राजेश गोयल द्वारा हम्मीर सर्किल की साफ सफाई भी करवाई गई थी। राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा द्वारा हम्मीर सर्किल का भामाशाह के सहयोग से सौंदर्यीकरण करवाने की घोषणा नगर परिषद सभापति को नागवार गुजरी और आज उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में प्रेसवार्ता कर उसकी ख़िलापत कर दी। उन्होंने कहा कि जब तक नगर परिषद से अनुमति नही ली जायेगी तब तक हम्मीर सर्किल का सौन्दर्यकरण नही किया जा सकता और अगर नगर परिषद से अनुमती ली जाती है तो हम्मीर सर्किल के सौंदर्यीकरण में नगर परिषद भी सहयोग करेगी। अन्यथा कानूनी कार्यवाही की जायेगी। बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा की हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण घोषणा से स्थानीय विधायक दानिश अबरार खुश नही है और उन्हीं के इशारों पर नगर परिषद सभापति ने प्रेसवार्ता कर हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण के कार्य की खिलाफत की है। फिलहाल हम्मीर सर्किल के सौंदर्यकरण का कार्य अभी शुरू भी नही हुआ है कि सवाई माधोपुर की सियासत में बबाल मच गया।

0 टिप्पणियाँ