जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर राजधानी जयपुर के बाड़ा पदमपुरा में आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को इस शिविर में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय माकन ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और कांग्रेस की आइडियोलॉजी को लेकर पूरे देश में कांग्रेस पार्टी की ओर से ट्रेनिंग कैंप किए जा रहे हैं। करीब 300 नेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हालांकि, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इस बात पर ज्यादा केंद्रित हो गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिंदू और हिंदुत्ववाद के बीच अंतर बताया जा सके। जो भी वक्ता इस कार्यक्रम में पहुंचे वे इसी बात का अंतर भी समझाते हुए दिखाई दिए। प्रशिक्षण में अपनी बात रखने के बाद खुद अजय माकन भी हिंदू और हिंदुत्ववाद को लेकर कहते दिखाई दिए कि उन्हें खुशी है कि राहुल गांधी ने जयपुर से ही यह बात उठाई थी, जिसे लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधी को मानने वाली सत्याग्रही पार्टी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी गोडसे को माने वाली सत्ताग्रही पार्टी। प्रशिक्षण शिविर में अपनी बात रखते हुए अजय माकन ने कहा कि मैं एनएसयूआई की दौर से कांग्रेस का कार्यकर्ता रहा हूं। ऐसा संभव नहीं है कि जो कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा हुआ हो कभी कांग्रेस से दूर जाने की नहीं सोच सकता। माकन ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर किसी को पद मिले, लेकिन पद से ज्यादा महत्वपूर्ण है कि पार्टी और उसकी विचारधारा जिंदा रहे।

0 टिप्पणियाँ