जयपुर  ब्यूरो रिपोर्ट। 

दो दिन राजस्थान में मौसम फिर यू-टर्न ले सकता है। फिलहाल बर्फीली सर्दी से लोगों को राहत है, लेकिन राज्य में 26 दिसंबर से सक्रिय होने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। बारिश और बादल छाने से दिन के तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होगी। इससे रात के साथ-साथ दिन में भी ठिठुरन बढ़ेगी। इस मौसम का असर 26 से लेकर 28 दिसंबर तक रहेगा। 29 दिसंबर से मौसम के पहले की तरह साफ होने की संभावना है।

जयपुर मौसम केन्द्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का प्रभाव 25 दिसंबर शाम से बीकानेर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। यहां कल शाम को आसमान में हल्के बादल देखने को मिल सकते है। इस मौसम के प्रभाव से रात के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी और अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है।

राज्य में आज के मौसम की स्थिति देखें तो कई जगह तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वहीं लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली है। जोधपुर शहर के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, यहां कल न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री था, जो बढ़कर 16 पर पहुंच गया। वहीं बीकानेर, जैसलमेर में तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। वहीं सीकर, फतेहपुर जैसे ठंडे शहरों में भी न्यूनतम तापमान 10 के आसपास पहुंच गया। प्रदेश में बीती रात करौली सबसे ठण्डा शहर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

यहां होगी बारिश

  • 26 दिसंबर को बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में इस सिस्टम के असर से आसमान में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं और जयपुर जिले में इस सिस्टम का ज्यादा असर रहेगा।
  • 27 दिसंबर को अजमेर, जयपुर, बीकानेर और कुछ एरिया भरतपुर संभाग में मौसम का प्रभाव देखने को मिलेगा। अजमेर के नागौर, अजमेर और टोंक जिले में, जबकि भरतपुर, करौली और सवाई माधोपुर में इस सिस्टम का असर देखने को मिलेगा।
  • 28 दिसंबर को ये सिस्टम राजस्थान से गुजरने लगेगा और पूर्वी राजस्थान भरतपुर, धौलपुर, करौली जिलों में इसका असर देखने काे मिलेगा। यहां हल्के बारिश हो सकती है।

प्रमुख शहरों का आज का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
करौली26.46.1
अलवर22.8

7.8

चित्तौड़गढ़26.58.7
धौलपुर25.18.6
उदयपुर27.68.8
चूरू25.89
बारां269
हनुमानगढ़22.29.1
सवाई माधोपुर26.69.1
गंगानगर22.99.2
पिलानी (झुंझुनूं)26.59.3
भीलवाड़ा27.49.8
बीकानेर2810.2
बूंदी2610.5
जयपुर2511
कोटा26.711.6
जैसलमेर25.512.4
सीकर26.512.5
अजमेर27.513.2
टोंक29.913.3
डूंगरपुर28.913.1
सिरोही27.115.8
जोधपुर26.816
नागौर26.416.1
जालोर27.117.9