जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में कोरोना के नए स्ट्रेन ओमिक्रॉन ने दस्तक दे दी है। 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से यात्रा करके दुबई-मुंबई होते हुए जयपुर पहुंचे कोरोना संक्रमित परिवार की जीनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है। ये पूरा परिवार अभी राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती है। इसमें माता-पिता के साथ दो बच्चे भी शामिल हैं। पांच रिश्तेदारों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है इस तरह कुल संख्या 9 हो गयी है। रिपोर्ट आने के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इनके कॉन्टैक्ट में आए अन्य लोगों पर मॉनिटरिंग करने की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्थान देश में ओमिक्रॉन के सबसे अधिक केस मिलने वाला पहला राज्य हो गया है।एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुधीर भण्डारी ने बताया कि चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये वायरस बहुत ही खतरनाक है और तेजी से लोगों को संक्रमित करता है। अब तक हुई स्टडी में सामने आया है कि ये वायरस डेल्टा वैरियंट से 6-7 गुना ज्यादा तेजी से फैलता है। उन्होंने बताया कि हम पूरी सावधानी के साथ परिवार के हेल्थ पर मॉनिटरिंग है और उनको ट्रीटमेंट दे रहे है। इनके 5 रिश्तेदरों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। जयपुर सीएमएचओ डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि ये परिवार 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से निकला था, तब वहां सभी की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ये दक्षिण अफ्रीका से वाया दुबई होते हुए मुंबई पहुंचे थे। दुबई और मुंबई में भी इस परिवार के लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद यह जयपुर पहुंचे और 28 नवंबर को जयपुर में सिटी पैलेस में एक शादी-समारोह में भी शामिल हुए।