जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोना तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। कस्टम विभाग की टीम ने शनिवार को जयपुर एयरपोर्ट पर एक बार फिर एक यात्री के कब्जे से 491 ग्राम सोने के 5 बिस्किट बरामद किए हैं। सोने की कीमत करीब 24.33 लाख रुपए बताई जा रही है। यात्री सोने के बिस्किट शेविंग ट्रीमर के अंदर छुपा कर लाया था। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक यात्री शाहजहा से एयर अरबिया की फ्लाइट में बैठकर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। एयरपोर्ट पर एक्सरे स्क्रीनिंग के दौरान कस्टम अधिकारियों को यात्री पर शक हुआ। इसके बाद यात्री के सामान की सघन जांच की गई। जांच पड़ताल के दौरान शेविंग ट्रीमर के अंदर सोना छुपा हुआ बरामद हुआ। दो शेविंग ट्रीमर के अंदर सोने के चार बिस्किट छुपाए गए थे। इसके अलावा एक बिस्किट यात्री के लगेज में बरामद हुआ। यात्री के पास से करीब 491 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 24.33 लाख रुपए बताई जा रही है। कस्टम विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिलहाल, टीम यात्री से पूछताछ कर रही है।