जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में स्टेट ओपन स्कूल 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ.बीडी कल्ला ने शिक्षा संकुल में परीक्षा परिणाम जारी किया। इस अवसर पर शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान और शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डीके गोयल भी मौजूद थे।डॉ.कल्ला ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। यही बात स्टेट ओपन के रिजल्ट में भी देखने को मिली। उन्होंने छात्रों के कमजोर रिजल्ट पर कहा कि लड़के खेल और मोबाइल पर ज्यादा ध्यान देने लग गए हैं। अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल से दूर रखना चाहिए।कोरोना काल के चलते इस साल मार्च-मई में होने वाली स्टेट ओपन की परीक्षाएं आगे बढ़ गई थीं।अक्टूबर-नवम्बर में परीक्षा का आयोजन किया गया। पहली बार दोनों परीक्षाओं का रिजल्ट एक साथ जारी किया गया। इस साल 10वीं का रिजल्ट 37.83 प्रतिशत रहा। छात्राें का परिणाम 35.42 प्रतिशत और छात्राओं का 39.27प्रतिशत रहा। पिछले साल के मुकाबले इस बार रिजल्ट 2.67 प्रतिशत सुधरा है। वहीं, 12वीं का रिजल्ट 64.31 प्रतिशत रहा। छात्रों का परिणाम 61.67 प्रतिशत व छात्राओं का 66.25 प्रतिशत रहा। 12वीं का रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले 4.58 प्रतिशत ज्यादा रहा। 10वीं में 84.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जोधपुर की पूजा चौधरी ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं अजमेर की भावना यादव ने भी 83 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रों में 82.60 प्रतिशत के साथ सिरोही के मुकेश कुमार पहले स्थान पर और 82.60 प्रतिशत अंकों के साथ बूंदी के विनोद मालव दूसरे स्थान पर रहे।12वीं में छात्रा वर्ग में जोधपुर की हर्षा ने 82.40 प्रतिशत के साथ पहला और जोधपुर की ही लक्ष्मी ने 79.80 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में नावां के जोशी उदय योगश कुमार ने 84.20 प्रतिशत अंकों के साथ पहला और 80.80 प्रतिशत अंकों के साथ भीलवाड़ा के अनमोल जोशी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टॉप रहे विद्यार्थियों से शिक्षा मंत्री डॉ.बीडी कल्ला और शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान ने फोन पर बात कर बधाई दी।

0 टिप्पणियाँ