बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।
रीट भर्ती परीक्षा में चप्पल में ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर नकल कराने के गिरोह के मुख्य सरगना तुलसाराम कालेर की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को कालेर से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके तीसरे सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। गंगाशहर थानाधिकारी रानीदान चारण ने बताया कि गंगाशहर थाना क्षेत्र के ही चौधरी कॉलोनी के निवासी राजू राम पुत्र रेवंतराम को पुलिस ने कालेर से हुई पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार किया है। रानीदान चारण ने बताया कि आरोपी राजू राम ने भी कॉलेज के लिए परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से नकल की एवज में लेनदेन को लेकर सेटिंग कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी और कुछ अभ्यर्थियों से मिलवाया था। ऐसे में सीधे तौर पर नकल के लिए योजना बनाने और अभ्यर्थियों से मिलवाने के लिए राजूराम ने काम किया था। पुलिस ने कालेर की गिरफ्तारी के बाद उसके दो सहयोगियों सहीराम और राजा राम को गिरफ्तार किया था जिसमें सहीराम खुद अभ्यर्थी था तो वही राजाराम कॉलेज संचालक था और पेपर आउट कर तुलसाराम तक पहुंचाने को लेकर जिम्मेदारी निभाने वाला था। ऐसे में अब कालेर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं रीट परीक्षा के दौरान ही एक अभ्यर्थी के साथ ही कुल 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिनमें कालेर के सहयोगी भी शामिल थे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस कुछ और लोगों को भी कॉलेर से हुई पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार करेगी और यह लोग भी नकल करवाने को लेकर योजना बना रहे थे।

0 टिप्पणियाँ