जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
शिक्षकों के सम्मान समारोह में शिक्षकों के तबादलों में पैसों के लेनदेन को लेकर गहलोत सरकार की हुई किरकिरी के बाद गुरूवार को सीएम अशोक गहलोत ने जो यूटर्न लेते हुए दौसा में मीडिया से कहा कि करप्शन की बात मैंने शुरू की। जो पकड़े जा रहे हैं, वे खाली शिक्षा विभाग के ही नहीं हैं। खाली टीचर की बात नहीं थी, वो बात थी कि हर डिपार्टमेंट में करप्शन होता ही है। सरकार की मंशा है कि उसे रोका जाए, इसलिए खाली शिक्षा विभाग की ही बात नहीं है।मुख्यमंत्री ने अपनी सफाई में कहा कि मैंने कहा था कि टीचर भी तबादलों के लिए उतना ही तकलीफ पाते हैं। पैसे देकर ट्रांसफर पोस्टिंग की नौबत क्यों आए, जब ट्रांसफर की पॉलिसी ही बन जाए। इससे सबको पता रहेगा कि उसका नंबर कब आएगा। इससे टीचर तबादलों के लिए ना तो पैसा देगा, ना करप्शन होगा। अभी तो जो पकड़े जा रहे हैं, वे दूसरे विभागों के हैं। मेरे पास गृह विभाग है, उसमें कई लोग पकड़े गए हैं । शिक्षा विभाग के लिए यह कह दिया तो उसे गलत तरीके से समझा गया। 

सीएम गहलोत ने एसीबी की थपथपाई पीठ।
सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान की एसीबी हिंदुस्तान में सबसे अच्छा काम कर रही है। बड़े-बड़े अफसर पकड़े गए हैं। कलेक्टर, एसपी पकडे गए हैं, सस्पेंड तक हुए हैं। ऐसा राजस्थान में ही मिलेगा।

यह है पूरा मामला।
सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह में कहा था- हम सुनते हैं कि तबादले के लिए कई बार पैसे खिलाने पड़ते हैं। पता नहीं, आप बताइए सही है या नहीं, मुझे नहीं मालूम। गहलोत ने समारोह में मौजूद शिक्षकों से पूछा था- क्या यह बात सही है? पैसे देने पड़ते हैं क्या? फिर आवाज आई- हां, देने पड़ते हैं। मुख्यमंत्री बोले थे- कमाल है।