श्रीगंगानगर राकेश मितवा।

जोधपुर से आई शायरा रेणु वर्मा का कहना है कि किसी भी मुद्दे पर, किसी भी विषय में गंभीर होने के लिए औरत होना बहुत जरूरी है। क्योंकि जितना धैर्य और सहनशीलता औरत में होती है, उतनी तुलनात्मक रूप से पुरुष में नहीं हो सकती।वे रविवार को सृजन सेवा संस्थान की ओर से महाराजा अग्रसेन विद्या मंदिर सैकेंडरी स्कूल के सभागार में आयोजित ‘लेखक से मिलिए’ कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया भी उतना खराब नहीं है, जितना लोग मानते हैं। वे स्वयं फेसबुक पर आने के बाद साहित्य के अच्छे लोगों से जुड़ीं और उनके मार्गदर्शन से आज यहां तक पहुंची हैं। रेणु वर्मा ने अपनी सृजन यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि उस्तादों के सान्निध्य में रहकर आप बहुत कुछ सीखते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने जहां अपनी गज़लों से समां बांधा, वहीं अपनी नज्मों से भी प्रभावित किया। उन्होंने अच्छे और सच्चे व्यक्ति की आज समाज में हो रही बेकद्री की ओर संकेत करते हुए एक शेर में पीड़ा व्यक्त की-वही इक आदमी था उन सभी में, जिसे पागल बताया जा रहा है। साहित्य और अन्य क्षेत्रोंं में तेजी से पनप रहे गुटों और स्वयं को स्थापित करने के लिए मठाधीशी कर रहे लोगों पर भी उन्होंने शेर कहा-उसे सूरज कहा है हर किसी ने, मुझे तो रोशनी देता नहीं है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएवी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनू पूनिया ने रेणु वर्मा की गज़लों की तारीफ करते हुए उन्हें हरफनमौला बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमारी संस्कृति का विकास होता है।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लॉयन्स क्लब इंटरनेशनल के पूर्व जोन चेयरमैन आशीष अरोड़ा ने कहा कि रेणु की गज़लों में एक रवानी है, एक ताजगी है। उम्मीद करते हैं कि भविष्य में उनकी शायरी और अधिक ऊंचा मयार हासिल करेगी।इससे पहले साहित्यकार सुषमा गुप्ता ने रेणु वर्मा का परिचय दिया। मंच संचालन संदेश त्यागी ने किया।  कार्यक्रम में विजयकुमार गोयल, रमेशचंद्र गुप्ता, भूपेंद्रसिंह, द्वारका प्रसाद नागपाल, डॉ. ओपी वैश्य, मनीराम सेतिया, राजेश वेदी, राजू गोस्वामी, सत्य पी., दौलतराम अनपढ़, अरुण खामख्वाह, अरुण शर्मा, बनवारीलाल शर्मा, बनवारीलाल बन्नी, शशि शर्मा, रवि सरावगी, मीनाक्षी आहुजा, ऋतुसिंह, रमेश कुक्कड़, अमित चावला, कृष्णकुमार आशु, राजकुमार जिंदल सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद थे।

 रेणु वर्मा को सृजन साहित्य सम्मानः

कार्यक्रम में रेणु वर्मा को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए सृजन साहित्य सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष मीनू पूनिया, विशिष्ट अतिथि आशीष अरोड़ा, सृजन के संरक्षक विजयकुमार गोयल एवं अध्यक्ष अरुण शहरिया ‘ताइर’ ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, सम्मान प्रतीक एवं पुस्तक भेंट करके सम्मानित किया। इस मौके पर आशीष अरोड़ा की ओर से रेणु वर्मा व मीनू पूनिया के साथ सृजन सेवा संस्थान के संरक्षक विजय गोयल, अध्यक्ष अरुण शहैरिया व उपाध्यक्ष भूपेंद्रसिंह, गंगानगर कला मंच के अध्यक्ष दौलतराम अनपढ़ व उपाध्यक्ष मनीराम सेतिया, सुषमा गुप्ता व संदेश त्यागी को सम्मानित किया गया। महाराजा अग्रसेन विद्या मंदिर की ओर से स्कूल की प्रधानाध्यापिका अनामिका दाधीच ने रेणु वर्मा का सम्मान किया।