जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा मंत्री बनते ही पुराने अंदाज में आ गए हैं। रमेश मीणा शुक्रवार को अचानक प्रशासन गांव के संग अभियान का निरीक्षण करने पंचायत समिति सांगानेर की ग्राम पंचायत नेवटा में पहुंचे। रमेश मीणा ने शिविर के कामों की समीक्षा करते हुए बीडीओ से पूछा कि कितने ग्रामीणों को राहत मिली है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पंचायतीराज मंत्री ने विकास अधिकारी को एपीओ करने के निर्देश दिए।पंचायती राज मंत्री ने बताया कि प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों की मॉनिटरिंग भी लगातार की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान राज्य सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री मीणा ने नेवटा ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से रूबरू होते हुए एवं उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण की वजह से गांव में पट्टे जारी नहीं हो पा रहे हैं। इस पर ग्रामीण विकास मंत्री ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान आमजन की समस्याओं का ज्यादा से ज्यादा निराकरण करें।