अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।
अलवर के तिजारा विधायक संदीप यादव के भतीजे चमन यादव की रविवार को शादी थी। लेकिन फेरे से पहले ये शादी विवादों में आ गई। दरअसल विधायक के भतीजे के आधार कार्ड और भामाशाह कार्ड में उम्र 19 साल होने से विरोधी उन पर बाल विवाह कराने का आरोप लगा रहे हैं। उधर बुधवार को हुए लग्न समारोह में करीब-करीब पूरी सरकार और कई अफसर शामिल होने पहुंचे थे। विवाद के बाद विधायक ने एक पुराना हस्त लिखित जन्म प्रमाण पत्र पेश किया है। जिसमें भतीजे की उम्र 21 साल बताई गई है।

पायलट गहलोत सहित मंत्रियों ने लिया हिस्सा।
विधायक के भतीजे की शादी को लेकर अब ज्यादातर नेताओं का यही कहना है कि उन्हें लड़के की उम्र का पता नहीं था। इस लग्न समारोह में मंत्री, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे व आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सहित कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री सहित विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री काफी संख्या में आए थे।

सरकारी रिकाॅर्ड में उम्र 19 साल।
दूल्हे चमन यादव के आधार कार्ड में जन्म की तारीख 8 अगस्त 2002 है। इस हिसाब से उनकी उम्र 19 साल 3 माह 20 दिन है। भारत में 21 साल से पहले लड़के की शादी कानूनन जुर्म है। यह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। शिकायत मिलने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाती है। खास बात यह है कि चमन यादव की भामाशाह कार्ड में भी आधार कार्ड वाली जन्मतिथि ही लिखी है। चमन के पिता वेदप्रकाश से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि ये डॉक्यूमेंट गलत हो सकते हैं। मैं दूसरे डॉक्यूमेंट भिजवा देता हूं। भामाशाह कार्ड के अनुसार चमन यादव के छोटे भाई की उम्र भी करीब 19 साल ही रिकॉर्ड में बताई गई है। अब प्रशासन के सामने यह दुविधा है की उम्र तो दस्तावेज वाली मानी जाती है। ये हो सकता है कि पुराने दस्तावेज में अलग हो। नए में अलग, लेकिन शादी वाले दिन मौजूदा नवीनतम रिकॉर्ड के अनुसार चमन की उम्र 19 साल 3 माह 20 दिन ही है।