सिरोही ब्यूरो रिपोर्ट।
सिरोही जिले में शुक्रवार देर शाम को स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के बनास मे एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार एक बच्चे और दो युवकों की मौत हो गई। जिले में हुए दर्दनाक हादसे पर भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दुख जताते हुए ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार दो युवक और एक बच्चा पिण्डवाड़ा से स्वरूपगंज की ओर आ रहे थे। तभी बनास के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसपर स्वरूपगंज थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों को राजकीय मोर्चरी में रखवाया। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पिण्डवाड़ा सीओ किशोरसिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। थानाधिकारी ने बताया की मृतकों की शिनाख्त के लिए प्रयास जारी है। मृतकों के बारे में पता करने पर आबूरोड के सियावा के होने के संदेह पर परिजनों को मोर्चरी बुलवाया गया और शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। टक्कर मारने वाले वाहन को लेकर जिलेभर में नाकेबंदी करवाई गई है।

0 टिप्पणियाँ