धौलपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
अक्सर देखा जाता है कि लोग शराब पार्टी के दौरान ज्यादा शराब पीकर लड़ाई करते हैं झगड़ा करते हैं, लेकिन राजस्थान के धौलपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। दरअसल धौलपुर के कोलारी थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा गांव में बुधवार देर रात तीन दोस्त शराब पार्टी कर रहे थे। तभी उस दौरान वहां कहीं से सांप निकल आया। यह देख तीनों दोस्तों ने उस सांप को पकड़ लिया। तीनों ने सांप को पहले काटा और फिर भूनकर खा गए। जिसके बाद इन तीनों दोस्तों में से एक अतरसिंह कुशवाह की सांप खाने के बाद तबीयत बिगड़ने लगी। फौरन उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाद में युवक को कई घंटों के बाद शुक्रवार को इलाज के दौरान होश आया।
नहर के किनारे बैठकर पी रहे थे शराब।
दरअसल अतरसिंह कुशवाह, जोगिंदर और शिवराज बुधवार देर शाम को गांव में पीपरीपुरा नहर किनारे बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इस दौरान झाड़ियों से निकलकर एक सांप उनके पास आ गया। जिसे अतर सिंह ने पकड़ लिया और उसका मुंह और पूंछ काट दी और फिर उसे आग में भून डाला। भूने हुए सांप को अतरसिंह खा गया।
कई घंटे बेहोश रहा अतर सिंह।
सांप खाने के बाद अतर सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वो बेहोश हो गया। परिजनों को जब इस बात का पता चला तो वो उसे फौरन नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार किया गया। ईलाज के बाद शुक्रवार को अतर सिंह को होश आया। पूरे गांव में दोस्तों की शराब पार्टी और अतरसिंह द्वारा सांप भूनकर खाने की बात अब चर्चा का विषय बन गया है। वन्यजीव विशेषज्ञों की मानें तो सांप जहरीला जानवर है। इसके सेवन में जरा सी लापरवाही भी जान पर भारी पड़ सकती है।
अतर की हालत अब खतरे से बाहर।
अतर सिंह ने बताया कि वो और उसके दोस्त जोगिंदर और शिवराम परचून की दुकान खोलना चाहते थे, जिसको लेकर पीपरी पुरा गांव में उनकी शराब पार्टी चल रही थी। फिलहाल, अतर अब खतरे से बाहर है। जिला अस्पताल के चिकित्सक का कहना है कि हमारे अस्पताल में एक मरीज भर्ती हुआ था, जिसने सांप को भून कर खा लिया था। अब उसकी हालत ठीक है।

0 टिप्पणियाँ