झालावाड़ हरिमोहन चोडॉवत।

कोटा एसीबी टीम ने झालावाड़ के कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट में बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर प्लांट के अधीक्षण अभियंता विनोद खटीक को 85 हजार रुपये की घूस राशि के साथ रंगे हाथों धर दबोचा। कोटा एसीबी डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई मंगलवार देर रात तक जारी रही। मामले की जानकारी देते हुए एसीबी कोटा के सीआई अजीत बगडोलिया ने बताया कि झालावाड़ कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत अधीक्षण अभियंता विनोद खटीक एक माह पूर्व छबड़ा थर्मल में कार्यरत था। जिसका स्थानांतरण होकर झालावाड़ कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट में लगाया गया है। एक परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि उसका कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट तथा छबड़ा थर्मल पावर प्लांट में गार्डन मेंटेनेंस का ठेका है। छबड़ा थर्मल के बिल के भुगतान हेतु अधीक्षण अभियंता द्वारा घूस राशि मांगी जा रही तथा दबाव हेतु करीब 8 लाख रुपए के बिल का भुगतान रोक दिया। शिकायत के बाद एसीबी कोटा की टीम ने सत्यापन किया और मंगलवार को झालावाड़ स्थित कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट के कार्यालय में अधीक्षण अभियंता विनोद खटीक को 85 हजार रुपये रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी अधीक्षण अभियंता ने रिश्वत की राशि परिवादी के द्वारा ऑफिस के सोफे के नीचे रखवाई गयी। उसी दौरान कोटा एसीबी की टीम ने उसे ट्रेप कर लिया। एसीबी टीम कोटा द्वारा आगे अनुसंधान कार्यवाही जारी है।