जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में कोरोना संक्रमण के आंकड़े एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। जयपुर के स्कूलों में कई बच्चे संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को भी जयपुर में 6 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें से दो बच्चे सरकारी स्कूल के हैं। दरअसल गुरुवार को 17 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, उनमें 6 स्कूली बच्चे हैं। झालाना स्थित सरकारी स्कूल के दो बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि जयश्री पेड़ीवाल इंटरनेशनल स्कूल के भी दो और बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा दो बच्चे ऐसे हैं, जो ऑनलाइन क्लासेज ले रहे थे। उनकी भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आपको बता दें कि बीते दिन भी जयश्री पेड़ीवाल इंटरनेशनल स्कूल में एक साथ 12 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इधर कोरोना संक्रमित मरीजों की सूची में स्कूली बच्चों की लगातार बढ़ती संख्या से अभिभावक खौफ में है। अभिभावक लगातार ऑफलाइन के बजाए ऑनलाइन कक्षाएं फिर से शुरू करने की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर से शिक्षण संस्थाओं को पूरी क्षमता के साथ खोला गया है। इसके बाद से स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ