जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान प्रदेश में सर्दी का सितम जारी है। गुरुवार से ही राजस्थान के कई जिलों में सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए साथ ही कई जिलों में बारिश भी दर्ज की गई। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 नवंबर से लेकर 20 नवंबर तक बारिश होने की संभावना जताई थी। प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।बारिश की संभावना को देखते हुए आसमान में बादल छाने से ठंड में तेजी हो गई है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान की बात की जाए तो पूर्वी राजस्थान के सीकर में 5.2 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी राजस्थान के चूरू में 6.5 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। भीलवाड़ा और सीकर में शीतलहर दर्ज की गई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण सर्दी में ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, उदयपुर, कोटा अजमेर संभाग के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। कोटा, बारां, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, दौसा, भरतपुर, सिरोही, नागौर, पाली, जालौर समेत अन्य जिलों में मेघ गर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।