शेरगढ़ विधायक मीना कंवर के किसी परिचित युवक को रविवार शाम रातानाडा थाना पुलिस ने शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़ लिया। पुलिस उसे पकड़ थाने ले आई और चालान की कार्रवाई करने लगी। इतने में विधायक मीना कंवर अपने पति प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य उम्मेद सिंह के साथ थाने पहुंच गईं। दोनों पति-पत्नी ने थाने में हंगामा किया, जिसका वीडियो सोमवार को वायरल हो गया।
जिसमें विधायक व उनके पति पुलिस को डांटते हुए दिखाई दिए। बहस बढ़ी तो दोनों थाने में धरना देकर बैठ गए। दोनों की पुलिस के साथ तीखी बहस का किसी ने वीडियो बना लिया। काफी देर बहसबाजी के बाद पुलिस ने बिना चालान काटते युवक को छोड़ दिया, तब मामला शांत हुआ।
कुर्सी पर बैठे उम्मेद सिंह बहस के बाद पत्नी के साथ नीचे बैठे
मीना कंवर: मेरे घर का बच्चा है।
उम्मेद सिंह (पुलिस से): एमएलए के सामने तू कुर्सी पर बैठा है।
पुलिस: आप इंसानियत से बोलो..
उम्मेद सिंह: तो क्या कर लेगा।
मीना कंवर: हमने रिक्वेस्ट की है, बच्चे सबके पीते हैं... कोई बात नहीं... थोड़ा बहुत ले लिया...।
पुलिस: हम्म
मीना कंवर: हम्म क्या है...?, बच्चे को अंदर डाल दिया आपने...
उम्मेद सिंह (पुलिस से): तू शराब पिया हुआ है?
पुलिस: नहीं... सभी ऐसे ही दिखते हैं आपको...।
उम्मेद सिंह: तेरी हालात देख, एमएलए नीचे तू ऊपर बैठा है...
दूसरा पुलिस कर्मी: कुर्सी दी थी, कुर्सी पर क्याें नहीं बैठ रहे आप?
उम्मेद: इसको बोलो खड़ा हो...
(फिर बैठने को कुर्सी दी जाती है, लेकिन उम्मेदसिंह बैठते नहीं)
मीना कंवर: इन सबके बच्चे ऐसे होंगे ना... बच्चे हैं... क्या फर्क पड़ गया... रिक्वेस्ट कर दी आपसे...
फिर टोकते हुए- आप वीडियो बना रहे है?? बनाइए.... यह सही नहीं कर रहे... बंद कर दीजिए...।
उम्मेद सिंह (गुस्से में): बंद कर...।

0 टिप्पणियाँ