जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

रीट परीक्षा धांधली प्रकरण को लेकर किरोड़ी लाल मीणा ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। जयपुर में मीडिया से बात करते हुए किरोड़ी लाल ने गहलोत सरकार और गोविंद सिंह डोटासरा पर जमकर जुबानी हमला बोला। इतना ही नहीं, उन्होंने परीक्षा कराने वाली माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की गोपनीय शाखा पर भी सवाल उठाए। किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि गोपनीय शाखा के अलावा आंसर की बाहर नहीं आ सकती। मीणा ने परीक्षा से पहले पेपर से भरे कंटेनर पलटने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कंटेनर पलटने के बाद प्रशासन ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया और कंटेनर से पेपर पुलिस की गाड़ी में ले जाए गए। किरोड़ी लाल ने कहा कि यदि बत्तीलाल मीणा पकड़ा जाएगा तो एक कांग्रेस के बड़े अधिकारी का भी नाम आएगा और वह निशाना सीधा लक्ष्मणगढ़ जाकर लगेगा। मीणा ने आरोप लगाए कि बोर्ड के रिटायर्ड अधिकारी जीके माथुर ने ही दर्जनों सेंटरों पर पेपर लीक किए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जीके माथुर को रिटायरमेंट के बाद भी गोपी शाखा में क्यों लगाया गया। राज्यसभा सांसद किरोडी ने प्रेस वार्ता के बाद धरना समाप्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक पर चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया है। अब भविष्य में भाजपा विधायकों के साथ यह धरना दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।