कोटा से हंसपाल यादव।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि गौ को भारतीय संस्कृति में माता का दर्जा दिया गया है। गौ हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का अभिन्न भाग है। गौ माता के संरक्षण के लिए समाज में सामूहिक तौर पर प्रयासों का और गति दिए जाने की आवश्यकता है। अध्यक्ष ओम बिडला बूंदी जिले के गेंडोली गांव में कृष्णा नंदिनी गौशाला के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।स्पीकर बिरला ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। हम पेड़ों, नदियों, अग्नि, धरती सहित विभिन्न प्राकृतिक चीजों की पूजा करते है। इससे प्रकृति के प्रति हमारी सद्भावना और निकट का जुड़ाव बना रहता है। प्रकृति से हमारा यह रिश्ता नया नहीं है। प्राचीन काल से हमारे ग्रंथों और धार्मिक पुस्तकों में प्रकृति के संरक्षण का महत्व बताया गया है। आज पूरी दुनिया भारत के इस विचार को अपना रही है। उन्होंने कहा कि धर्म हमारे अन्तर्मन का आध्यात्म और सत्य से आलोकित करते हुए जीवनयापन का सही तरीका भी बताता है। इसी चेतना में प्रकृति संरक्षण का संदेश भी छिपा है। यदि हम प्रकृति का संरक्षण करेंगे तो प्रकृति भी मानवजाति को लाभान्वित करेगी। बिरला ने कहा कि वे जब देश के विभिन्न हिस्सों में जाते हैं तो देखते हैं कि गौ संरक्षण के लिए गौशालाओं की स्थापना हो रही है। यह परिवर्तन गौ से हमारे समाज के जुड़ाव के कारण ही देखने को मिल रहा है। समाज में हय चेतना आ रही है कि गौ के प्रति हमारे धार्मिक और आध्यात्मिक दायित्व हैं, जिन्हें समाज के सभी वर्गों को मिलकर पूरा करना चाहिए। गौशाला स्थापना के लिए सीआर चौधरी और एलेन परिवार का साधुवाद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ क्षेत्र में गौवंश कर संरक्षण और संवर्धन होगा, बल्कि प्रकृति को भी संबल मिलेगा। गौपालन से क्षेत्र में रोजगार विकसित होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। कार्यक्रम को धर्म गुरू माधो सिंह दीवान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल, बूंदी विधायक अशोक डोगरा, एलेन परिवार के गोविंद माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अंत में गौशाला के संस्थापक सीआर चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

गायों का खिलाया चारा।

गौशाला के शिलान्यास के बाद लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने गौशाला परिसर में गायों को चारा भी खिलाया। गौशाला के संस्थापक सीआर चैधरी ने बताया कि इस क्षेत्र में गायों की संख्या काफी अधिक हैं। इनमें से अधिकांश राजमार्ग या सड़क पर रहती हैं और हादसे का शिकार बन जाती है। उनकी प्राथमिकता होगी कि इन गायों को गौशाला में लाकर उनकी सेवा की जाए।

रास्ते में जगह-जगह हुआ स्वागत।

गेंडोली गांव जाते समय लोकसभा अध्यक्ष बिरला का आमजन ने स्वागत किया। केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र के महराना, मायजा, अजेता, जखाना, खटकड़, नैंनवा मोड़ और केशवरायपाटन में लोगों ने बिरला का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने बिरला को अपनी समस्याओं की जानकारी भी दी। रास्ते में बिरला ने दो मंदिर में देवी मां की अर्चना भी की।