चूरू ब्यूरो रिपोर्ट।

चूरू जिले में रविवार को एक 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला है। छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया है। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस को मृतका नर्सिंग छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी ममता सारस्वत भी मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए है। जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय युवती नर्सिंग सेकंड ईयर की छात्रा है, जो शहर के धर्म स्तूप के पास किराए के मकान में रहती थी। मृतका झुंझुनू जिले के एक गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और परिजनों के चूरू पहुंचने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, छात्रा के मौत के कारणों का कोई खुलासा नहीं हुआ है।